FICCI FLO की ओर से आयोजित ई-वेस्ट ड्राइव कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष सत्र में स्वच्छ भारत मिशन और कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सची सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सर्कुलर इकोनॉमी के सिद्धांतों को अपनाते हुए कचरे को रिफ्यूज, रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल और अपसायकल करना है। उन्होंने बताया कि इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और पर्यावरण पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को कम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि मिशन के तहत स्कूलों, कॉलेजों और आवासीय क्षेत्रों (आरडब्ल्यूए) को जीरो-वेस्ट कैंपस के रूप में विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए तीन प्रमुख उद्देश्यों को अपनाने की आवश्यकता है—स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण, रीसाइक्लिंग के माध्यम से कचरा प्रबंधन चक्र को पूरा करना और जिम्मेदार नागरिकता का प्रदर्शन करना। सची सिंह ने लोगों से व्यक्तिगत और व्यावसायिक दोनों स्तरों पर इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य के लिए हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और ई-वेस्ट प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।