राजधानी लखनऊ में जांच के दौरान बिहार से पंजाब जा रही स्लीपर बस में 167 यात्री मिले। जबकि, बस की क्षमता 47 यात्रियों की थी। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने बस को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सीज कर दिया। यात्रियों को छतों पर भी बिठाया गया था। मामला स्लीपर बस संख्या यूपी 11 बीटी 0077 का है। यह बस बिहार के मुजफ्फरपुर से पंजाब के पटियाला के लिए जा रही थी। एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार यादव पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर डग्गेमार बसों की जांच कर रहे थे। इसी बीच टोल के पास स्लीपर बस आती हुई दिखाई दी, जिसकी छत पर ढेरों यात्री बैठे हुए थे। प्रवर्तन टीम ने बस को रुकवाया और जांच की। इसमें 167 यात्री पाए गए। कागजों की पड़ताल में बस का आल इंडिया परमिट भी समाप्त पाया गया। बस में यात्रियों की स्वीकृत क्षमता 47 यात्रियों की थी। यात्रियों को उतारकर बस सीज कर दी गई।