कैथल जिले में अब तक पराली जलाने के 143 मामले आ चुके हैं। रविवार को पराली जलाने का नया मामला तो नहीं आया, लेकिन ढांड थाना क्षेत्र के अधीन आने वाले गांव रसूलपुर ने एक और किसान को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, अब कृषि विभाग की पूरे जिले में अब तक 101 किसानों की रेड एंट्री की गई है। वहीं, अभी तक पूरे जिले में एक महिला सहित 24 किसानों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन किसानों को पुलिस ने गिरफ्तारी के तुरंत बाद ही जमानत पर छोड़ दिया है। कृषि विभाग ने अब तक इन किसानों पर दो लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। रविवार को भी वायु प्रदूषण का स्तर 184 रहा। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. बाबू लाल ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेशों पर पराली न जलाने को लेकर किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।