रियासी के जनरल जोरावर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार शाम विजयपुर वॉरियर्स और फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब के बीच ईवनिंग क्रिकेट कप टी-10 टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला गया। मैच का शुभारंभ उपायुक्त कुमार अभिषेक ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों साथ मुलाकात कर और टॉस करवा कर किया। विजयपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 10 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर कुल 57 रन बनाए। फ्रेंड्स के गेंदबाजों ने काफी नपीतुली गेंदबाजी की और विजयपुर के बल्लेबाजों को खुल कर खेलने भी दिया। टीम की तरफ से बल्लेबाज विकास ने सर्वाधिक 24 रन बनाए,इसके अलावा टीम को अतिरिक्त के रूप में 20 रन भी मिले।एफसीसी के गेंदबाज सुशील ठाकुर ने 3 विकेट लिए,वहीं सुरिंदर शर्मा और रवि ने 1-1 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए एफसीसी के बल्लेबाज भी विजयपुर के गेंदबाजों पर हावी नहीं हो सके और धीमी रन गति से रन बनाए। बल्लेबाज रूबल ने एक छोर संभाल कर रखा और नाबाद तीस रन बनाए। टीम को पारी के अंतिम ओवर में छह रन चाहिए थे,जिसे एक गेंद शेष रहते मैच जीत लिया।एफसीसी ने 9.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर मैच को जीता। टीम के लिए बल्लेबाज प्रिंस ने भी 14 रनों की पारी खेली। विजयपुर के गेंदबाज अजय ने 2 विकेट, अक्षय और शगुन ने 1-1 विकेट लिया। फ्रेंड्स क्लब के गेंदबाज सुशील ठाकुर को तीन विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच दिया गया। मैच के अंत में मुख्य अतिथि एएसपी इफ्तिखार अहमद पूर्व पार्षद अमित शर्मा पूर्व क्रिकेटर सुभाष संथाल व ईसीसी के सदस्यों की उपस्थिति में विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार राशि व ट्रॉफी दी। विजेता टीम को इक्कीस और उपविजेता टीम को ग्यारह हजार रुपए की राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई। मैच को देखने के लिए नगर के कई गणमान्य लोग भी पहुंचे। यह टूर्नामेंट जम्मू-कश्मीर में नशा मुक्त अभियान के तहत जिला प्रशासन, जम्मू-कश्मीर के सहयोग से इवनिंग सीसी द्वारा आयोजित किया गया था। सीआरपीएफ 126 बटालियन और जिला समाज कल्याण विभाग ने भी इसमें योगदान दिया।