फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छह साल से बिस्तर पर जिंदगी, हौसलों के उजाले में कायम है पत्रकारिता

अमर उजाला ब्यूरो झांसी। दिवाली पर हर घर में दीये जलेंगे, रोशनी से अंधेरा दूर होगा और खुशियों के रंग बिखरेंगे। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिनके जीवन में परिस्थितियां अंधेरा करने की तमाम कोशिशें करती हैं, फिर भी उनके भीतर उम्मीद का दीपक कभी नहीं बुझता। गोलाकुआं स्थित पन्नालाल मोहल्ले में रहने वाले पत्रकार सामजय नायक (50) ऐसी ही मिसाल हैं। कभी खबरों की तलाश में सड़कों पर दौड़ने वाले उनके कदम पिछले छह साल से साथ नहीं दे रहे हैं। वर्ष 2020 में संक्रमण ने उनके दोनों पैर छीन लिए। जिंदगी घर के एक कमरे और बिस्तर तक सिमट गई, लेकिन उनके भीतर जल रही पत्रकारिता की लौ आज भी रोशन है। सामजय के जीवन में यह बदलाव अचानक आया। दो-तीन दिनों के भीतर शरीर में संक्रमण इतना बढ़ गया कि दिल्ली स्थित एम्स में उनके दोनों पैर काटने पड़े। इसके बाद उनकी दुनिया बदल गई। जिन रास्तों पर कभी खबरों की तलाश में निकलते थे, वहां अब खुद जाना संभव नहीं है। जिन लोगों के बीच रहकर खबरों की दुनिया सजाते थे, उनसे मिलना भी सीमित हो गया। मगर एक चीज नहीं बदली, वह है पढ़ने और लिखने का जुनून। शारीरिक तकलीफों के बीच भी उन्होंने खुद को परिस्थितियों के हवाले नहीं किया। बिस्तर पर लेटे-लेटे मोबाइल के जरिये दुनिया से संपर्क बनाए रखते हैं। अखबारों में छपने वाली खबरें पढ़ते हैं। खासकर अमर उजाला की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी नजर रहती है। दिनभर लोगों से बातचीत और सूचनाओं का आदान-प्रदान चलता है। शाम होते ही लेखन का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो देर रात तक जारी रहता है। उनके लिए पत्रकारिता अब केवल पेशा नहीं, बल्कि जिंदगी से जुड़े रहने का जरिया बन चुकी है। शब्दों में तलाश ली जिंदगी की रोशनी सामजय बताते हैं कि बीमारी के बाद जिंदगी में एकाएक बड़ा बदलाव आया। शुरुआत में नई परिस्थितियों से सामंजस्य बैठाना आसान नहीं था, लेकिन पढ़ने-लिखने ने उन्हें बहुत सहारा दिया। धार्मिक और ऐतिहासिक पुस्तकों का अध्ययन उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया। ज्योतिष से जुड़ी पुस्तकों को भी वह लगातार पढ़ते रहते हैं। किताबों के पन्नों और खबरों के शब्दों के बीच उन्होंने अपने लिए एक नई दुनिया बना ली है। कभी जिन खबरों के लिए उन्हें घर से निकलना पड़ता था, आज वे खबरें मोबाइल और दूसरे लोगों के जरिये उन तक पहुंचती हैं। इसके बावजूद खबरों को पढ़ने, समझने और लिखने की उनकी ललक कम नहीं हुई। उनके लिए बिस्तर मजबूरी हो सकता है, लेकिन विचारों की उड़ान पर कोई पहरा नहीं है। पैरों ने साथ छोड़ा, हौसलों ने नहीं सामजय की जिंदगी बताती है कि रोशनी केवल दीयों से नहीं होती, वह इंसान के भीतर भी जलती है। शरीर की सीमाएं किसी के सपनों और जुनून की सीमा तय नहीं कर सकतीं। छह साल से घर के भीतर रहकर भी उन्होंने अपनी पहचान को खोने नहीं दिया। उनके लिए हर दिन एक नई चुनौती है और हर लिखी गई पंक्ति उस चुनौती से लड़ने का नया हौसला। उम्मीद की लौ जलती रहनी चाहिए इस दिवाली जब घरों में दीये जलेंगे, तब सामजय के जीवन की कहानी भी याद दिलाएगी कि मुश्किलें कितनी ही बड़ी क्यों न हों, उम्मीद की लौ जलती रहनी चाहिए। उनके दोनों पैर भले ही साथ छोड़ गए हों, लेकिन शब्दों के सहारे जिंदगी को समझने और पत्रकारिता से जुड़े रहने का उनका सफर अब भी जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें