फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

त्योहारों में ट्रेन टिकट की मारामारी रेलवे ने शुरू की बड़ी तैयारी, बढ़ेगा इतना तत्काल का कोटा!

Mon, 14 Sep 2026 01:21 AM IST
Bhaskar Tiwari वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम

दीपावली के त्योहार पर ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग के बीच यात्रियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। त्योहार के दौरान कन्फर्म टिकट के लिए हो रही मारामारी को देखते हुए रेलवे तत्काल कोटे की सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति मांगी गई है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद कई प्रमुख रूटों की ट्रेनों में तत्काल कोटे की सीटों की संख्या करीब दोगुनी की जा सकती है। इससे दीपावली और त्योहार के बाद अपने घर लौटने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, फिलहाल दिल्ली, हावड़ा और मुंबई रूट की ट्रेनों में करीब 6500 सीटें तत्काल कोटे के तहत उपलब्ध हैं। रेलवे इन सीटों की संख्या बढ़ाकर 12 हजार से अधिक करने की तैयारी में है। यानी तत्काल कोटे में करीब दोगुनी सीटें उपलब्ध कराने की योजना है। अगर रेलवे बोर्ड से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो दीपावली के दौरान ट्रेनों में सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है।

दरअसल, दीपावली के नजदीक आते ही लखनऊ आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। त्योहार के बाद लखनऊ से दूसरे शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों के सामने भी कन्फर्म टिकट का संकट पैदा हो गया है। दिल्ली रूट की प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों को सीट मिलने में परेशानी हो रही है। लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, अयोध्या-दिल्ली, काशी विश्वनाथ, गोरखधाम और वैशाली जैसी ट्रेनों में वेटिंग बढ़ रही है। बड़ी संख्या में यात्री पहले से टिकट बुक कराने के बावजूद कन्फर्म सीट नहीं पा रहे हैं।

मुंबई रूट की ट्रेनों में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है। पुष्पक एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस और गोरखपुर-एलटीटी जैसी ट्रेनों में सीटों की मांग काफी बढ़ गई है। त्योहार के समय घर जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ त्योहार के बाद काम और रोजगार के लिए वापस लौटने वालों की संख्या भी बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में इन ट्रेनों में वेटिंग और बढ़ सकती है।

हावड़ा रूट पर भी यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अमरनाथ और बाघ जैसी ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ने के कारण वेटिंग की स्थिति बनी हुई है। दीपावली के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त इंतजाम करने की कोशिश कर रहा है। तत्काल कोटे में सीटें बढ़ाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यदि रेलवे बोर्ड प्रस्ताव को मंजूरी देता है और तत्काल कोटे की सीटें 6500 से बढ़ाकर 12 हजार से अधिक कर दी जाती हैं, तो यात्रियों को टिकट बुकिंग में कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि तत्काल टिकट की मांग भी काफी अधिक रहने की संभावना है, इसलिए यात्रियों को बुकिंग समय का ध्यान रखते हुए जल्द टिकट लेने की जरूरत होगी। रेलवे की इस पहल से दीपावली के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को संभालने और अधिक यात्रियों को कन्फर्म सीट उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें