Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी गठबंधन में सीटों का बंटवारा मुसीबत बनता जा रहा। महागठबंधन में शामिल सभी दल राजद से सम्मानजनक सीटों की मांग कर रहे हैं। सीट और कुर्सी की रार ऐसी मची है कि गठबंधन की मजबूती पर ही सवाल उठने लगा है।
बता दें कि, 2020 में महागठबंधन में राजद, कांग्रेस और वाम दल शामिल थे। उन्होंने कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन बहुमत से चूक गए थे। कई राजनीतिक विश्लेष्कों ने इसका कारण कांग्रेस का खराब प्रदर्शन बताया था। राजद ने 144 सीट में 75 सीट हासिल की थीं, जबकि कांग्रेस केवल 19 सीट पर सिमट गई थी। वहीं, भाकपा लिबरेशन ने 19 में 12 सीट पर जीत हासिल कर सबको चौंका दिया था और भाकपा व माकपा को दो-दो सीट मिली थीं।
बिहार में कांग्रेस पार्टी महागठबंधन के तहत आरजेडी समेत अन्य दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। 2020 में भी कांग्रेस ने आरजेडी के साथ मिलकर ही चुनाव लड़ा था। लेकिन, इस बार सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन में बात बनती हुई नहीं दिखाई दे रही है। ऐसे में अब देखना यह होगा कि बिहार में आठ दलों के गठबंधन वाले इंडिया के समन्वय समिति के अध्यक्ष तेजस्वी यादव किस पार्टी के खाते में कितनी सीटें देते हैं। अपने दल के नेताओं के साथ सहयोगी दलों को खुश रखना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गई है।