कटौहड़ कलां में पिकअप की चपेट में आए 23 वर्षीय युवक ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अनु पटियाल पुत्र सुमन पटियाल के रूप में की गई है। युवक रात को घर के पास ही कुछ लोगों के साथ सड़क किनारे बैठा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप ट्राला ने गलत दिशा में जाकर अनु और उसके साथ बैठे नितीश कुमार पुत्र गणेश कुमार को चपेट में ले लिया। सारी घटना साथ लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसमें पिकअप से टक्कर होते देखी जा सकती है। घटना के बाद पिकअप ट्राला सवार वाहन सहित मौके से फरार हो गया था जिसे बाद में पकड़ लिया गया। घटना के बाद स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना रेफर कर दिया। जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। लेकिन शुक्रवार देर शाम उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एसडीपीओ अंब डॉ वसुधा सूद ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।