तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तीसरे चरण में 112 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने के साथ ऊना जिला प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इस उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन ने अब शेष गांवों को भी मुहिम से जोड़कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। उपायुक्त जतिन लाल ने स्वास्थ्य विभाग, खंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) और खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान के चौथे चरण में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उपायुक्त बुधवार को अपने कार्यालय के एनआईसी कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 28 अक्तूबर से शुरू हुआ तंबाकू मुक्त युवा अभियान का चौथा चरण (टीएफवाईसी-4.0) 26 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान तंबाकू सेवन पर रोक लगाने, युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग मिलकर प्रयास करें।उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इनमें तंबाकू, खैनी, गुटखा और चिट्टे सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों पर चर्चा कर लोगों को जागरूक किया जाए। पंचायत प्रतिनिधियों को तंबाकू नियंत्रण में पंचायतों की भूमिका और उन्हें प्राप्त अधिकारों की जानकारी भी दी जाए, जिससे वे अपने गांवों में इस मुहिम को आगे बढ़ाने में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।