महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास यूथ एकता महासभा की बैठक विश्राम गृह ऊना में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के प्रधान अमित वाल्मीकि ने की। इस दौरान विभिन्न सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में मजदूरों के वेतन को लेकर आवाज उठाई गई। महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि महंगाई के दौर में 10 से 12 हजार रुपये मासिक आय में परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग की कि देशभर के मजदूरों का मासिक वेतन बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए और ठेकेदारी प्रथा को समाप्त किया जाए। महासभा ने सरकारी और गैर सरकारी कर्मचारियों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी। पदाधिकारियों ने कहा कि सभी कर्मचारियों को पेंशन सुविधा मिलनी चाहिए, अन्यथा जनप्रतिनिधियों की पेंशन व्यवस्था पर भी पुनर्विचार किया जाना चाहिए। बैठक में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। महासभा ने मांग की कि सभी सरकारी और निजी संस्थानों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को फुल टाइम किया जाए और उनके वेतन में बढ़ोतरी की जाए। इसके अलावा गरीब और जरूरतमंद बच्चों को निजी स्कूलों में निशुल्क शिक्षा देने, सरकारी व निजी अस्पतालों में गरीबों का मुफ्त इलाज करवाने और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार करने की मांग उठाई गई। महासभा ने यह भी मांग की कि इलाज के दौरान मरीज की मृत्यु होने पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अस्पताल बिल माफ किए जाएं। बैठक में ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक लगाने की मांग भी की गई। महासभा ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के बढ़ते चलन से स्थानीय दुकानदारों को नुकसान हो रहा है, इसलिए ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए जिससे छोटे व्यापारियों के हित सुरक्षित रह सकें।