सकारात्मक जीवन के लिए योग और फिटनेस का बहुत महत्व है। आध्यात्मिक, मानसिक और शारीरिक स्थिरता के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर ऊना में आयुष विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त जतिन लाल ने यह शब्द कहे। आयुष विभाग ने यह कार्यक्रम एसबीआई, नेहरू युवा केंद्र, केसीसी बैंक और रेडक्रॉस के सहयोग से आयोजित किया था। जतिन लाल ने कहा कि हमारी रोजमर्रा की खानपान की आदतें और अव्यवस्थित जीवन शैली का शरीर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और इनके चलते धीरे-धीरे शरीर हमारा साथ छोड़ने लगता है। कार्यक्रम में जिला आयुष अधिकारी किरण शर्मा और डॉ. जगजीत कौर ने योगाभ्यास करवाया। इसमें उपायुक्त जतिन लाल के साथ पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी उत्तम डौड, रेडक्रॉस के सचिव संजय सांख्यान, नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार, एसबीआई की क्षेत्रीय प्रबंधक संजू बंगा सहित अन्य अधिकारियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।