डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी का दस दिवसीय सालाना होली मेला रविवार से शुरू हुआ। मेले के दूसरे दिन पंजाब, हरियाणा, जम्मू सहित देश विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मैड़ी पहुंचे। मैड़ी बाबा बड़भाग सिंह जी और नाहर सिंह वीर से संबंधित विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए विश्व प्रसिद्ध है। धार्मिक स्थल एक खड्ड में स्थित है और डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी के प्रमुख धार्मिक स्थलों से इसकी दूरी लगभग एक किलोमीटर है। विशेष रूप से माना जाता है कि यहां आकर बुरी शक्तिओं से मुक्ति मिलती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यहां के धार्मिक स्थलों में पवित्र श्री चरणगंगा का विशेष स्थान है। मान्यता है कि चरणगंगा में स्नान करने से किसी तरह के जादू-टोना का असर समाप्त हो जाता है और बुरी शक्तिओं से छुटकारा मिलता है। हर वर्ष लाखों की तादात में श्रद्धालु यहां स्नान के लिए आते हैं। चरणगंगा में स्नान के बाद लोग यहां स्थित नाहर सिंह वीर के धूने पर माथा टेककर मन्नतें मांगते हैं। श्रद्धालु चरणगंगा का जल अपने घरों के लिए लेकर जाते हैं और इसमें धूने की भभूति मिलाकर घर तथा आसपास इसका छिड़काव भी करते हैं। धौसीधार सेवा सोसायटी के महंत शादीलाल गोस्वामी ने बताया कि हजारों की संख्या में श्रद्धालु दिन रात लंबी-लंबी कतारों में लगकर स्नान और धूने के दर्शन करते हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के स्नान और दर्शन के लिए सोसायटी की तरफ से व्यापक प्रबंध किए गए हैं।