शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में चल रहे श्रावण अष्टमी मेले के चौथे दिन पहले तीन दिनों के मुकाबले भीड़ कम रही। लेकिन फिर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार मां चिंतपूर्णी के दरबार में बनी रही। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सबसे ज्यादा संख्या पंजाब राज्य से है। चौथे मेले में पुराने बस स्टैंड तक सारा दिन लाइन लगी रही। मंदिर पहुंचने से पहले लाइनों में श्रद्धालुओं को पानी पिलाने की व्यवस्था की गई है। सोमवार को श्रद्धालुओं को मंदिर दर्शन करने के लिए आधे से एक घंटे का समय लग रहा था। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि अभी तक चौथे मेले तक दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु माता रानी के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। मंदिर अधिकारी ने बताया कि आने वाले मेलों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ेगी, जिसको लेकर व्यवस्था बनाने को लेकर और पुलिस कर्मियों की मांग की गई है। चिंतपूर्णी मंदिर अधिकारी ने बताया कि वे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है।