क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में स्त्री रोग विशेषज्ञों की कमी से जूझ रही गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल के गायनी विभाग में तीन स्त्री रोग विशेषज्ञों की तैनाती की जा रही है। इनमें से एक चिकित्सक ने अपना कार्यभार संभाल लिया है, जबकि दो अन्य की नियुक्ति भी जल्द की जाएगी। इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) भवन के सुचारू संचालन के लिए 32 अतिरिक्त कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग के सचिव से बातचीत की गई है। बुधवार को ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने क्षेत्रीय अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक स्टाफ की तैनाती का मुद्दा भी उठाया।