कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले टक्का स्कूल में भारी बारिश के चलते पानी भर गया। बताया जा रहा है कि यह पानी झम्बर और कुरियाला क्षेत्र से बहकर स्कूल परिसर तक पहुंचता है, जिससे स्कूल के प्रांगण और आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। स्थानीय लोगों और स्कूल स्टाफ का कहना है कि बरसात के मौसम में यह समस्या हर बार सामने आती है, लेकिन इस बार पानी स्कूल भवन तक घुस गया, जिससे विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिसलन भरी जमीन पर बच्चों का चलना जोखिम भरा हो गया है। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में स्कूल के बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा पर कोई असर न पड़े। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अस्थायी उपाय किए जाएं।