ऊना जिला मुख्यालय के समीप कोटला कला स्थित रेलवे फाटक पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण हमीरपुर रोड बंद होने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने के चलते लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबे वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है। वहीं, कई वाहन चालक अस्थायी रूप से बनाए गए मार्ग से गुजर रहे हैं, लेकिन वहां भी हालात बेहतर नहीं हैं। हाल ही में हुई बारिश के कारण यह मार्ग जगह-जगह कीचड़ से भर गया है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिसलन भरे रास्ते के कारण हादसे की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि रेलवे फाटक की मरम्मत आवश्यक है, लेकिन वैकल्पिक मार्ग की बेहतर व्यवस्था न होने के कारण आम जनता को परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने संबंधित विभाग से मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने और अस्थायी मार्ग को सुचारू बनाने की मांग की है, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।