चिंतपूर्णी क्षेत्र के मुख्य और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले भरवाईं चौक पर स्थित मंदिर न्यास के शौचालयों की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग और श्रद्धालु काफी परेशान हैं। इन शौचालयों की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन प्रशासन की ओर से सुधार या नए निर्माण के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चिंतपूर्णी मंदिर न्यास को हर साल करोड़ों रुपये की आमदनी होती है, इसके बावजूद भरवाईं चौक जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर साफ-सुथरे और आधुनिक शौचालयों की सुविधा उपलब्ध नहीं है। चौक पर पूरे दिन श्रद्धालु, दुकानदार, यात्री और अन्य लोग आते-जाते रहते हैं, ऐसे में स्वच्छ और बेहतर शौचालयों की जरूरत बेहद जरूरी मानी जा रही है। स्वच्छ शौचालय किसी भी धार्मिक और पर्यटन स्थल की मूलभूत आवश्यकता हैं, जो श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाते हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी मांग पर जल्द ठोस कदम उठाएगा और भरवाईं चौक पर स्वच्छ, सुरक्षित और उपयोगी शौचालयों का निर्माण होगा।