उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के अटल बिहारी वाजपेई महाविद्यालय, बंगाणा के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा समसामयिकी विषय पर आधारित एक दिवसीय सेमिनार का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस सेमिनार की अध्यक्षता राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रोफ़ेसर सिकंदर नेगी ने की। सेमिनार में मुख्य रूप से दो महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया – "नई शिक्षा नीति 2020" और "प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR)"।सेमिनार के दौरान फाइनल ईयर की छात्रा निकिता कौंडल और कोमल राणा ने "नई शिक्षा नीति 2020" पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने नई शिक्षा नीति के महत्व, इसकी चुनौतियों और देश की शिक्षा प्रणाली में सुधार की दिशा में इसके संभावित प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा, फाइनल ईयर की छात्रा अंशिका शर्मा ने "प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR)" पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने FIR की प्रक्रिया, इसके कानूनी पहलुओं और समाज में इसके महत्व पर प्रकाश डाला। इस आयोजन में छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान के विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर सिकंदर नेगी ने कहा कि आज के इस सेमिनार का आयोजन केवल एक शैक्षिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह हमें समसामयिक मुद्दों पर सोचने और समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। समसामयिक विषयों पर चर्चा करना, हमारे समाज की वर्तमान स्थिति, चुनौतियां और संभावनाओं को समझने के लिए अत्यंत आवश्यक है। सेमिनार ऐसे मंच होते हैं, जहाँ हम सिर्फ किताबों से नहीं, बल्कि वास्तविक जीवन से जुड़े विषयों पर भी गहन विचार-विमर्श करते हैं।