कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार और नाबार्ड के संयुक्त सौजन्य से कुटलैहड़ नेचुरल फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी की ओर से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्राकृतिक उत्पाद विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया गया। धर्मशाला मंडलायुक्त आईएएस विनोद कुमार इस विशेष अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने फीता काटकर केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यातिथि विनोद कुमार ने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती भविष्य की आवश्यकता है। रासायनिक उर्वरकों के अत्याधिक उपयोग से जहां मिट्टी की उर्वरता घट रही है, वहीं प्राकृतिक खेती मिट्टी, फसलों और मानव स्वास्थ्य तीनों के लिए लाभदायक सिद्ध होती है। कंपनी के चेयरमैन योगराज भारद्वाज ने बताया कि इस विक्रय केंद्र की स्थापना से प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक सुदृढ़ और विश्वसनीय मंच मिलेगा।