हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर हरोली क्षेत्र के पोलियां में 51 वर्षीय इस्माइल खान की मौत के मामले को लेकर ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। पंचायत प्रतिनिधियों की अगुवाई में ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान हरोली के डीएसपी मोहन रावत अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। वहीं, पंजाब के माहिलपुर थाने की एसएचओ रमनदीप कौर भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों के पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अधिकारियों के समक्ष अपना रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में संलिप्त होने के आरोप में पंजाब के होशियारपुर क्षेत्र के गज्जर निवासी आठ लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई। ग्रामीणों और परिजनों ने अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और आश्वासन मिलने पर धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शन में बीडीसी सदस्य अमनदीप, प्रधान कश्मीर कौर, पूर्व प्रधान किशोर, पूर्व प्रधान पवन राणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।