धार्मिक नगरी श्री चिंतपूर्णी में रविवार को लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। खराब मौसम के बीच भी देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए घंटों कतारों में खड़े रहे। दोपहर तक श्रद्धालुओं की लाइनें पुराने बस स्टैंड तक पहुंच गईं। सुबह से ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसर में भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती गई और दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं। बारिश के कारण जहां सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा, वहीं श्रद्धालु छाते और बरसाती लेकर अपनी बारी का धैर्यपूर्वक इंतजार करते रहे। कई श्रद्धालु बारिश में भीगते हुए भी माता रानी के जयकारे लगाते नजर आए, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने बारिश के बावजूद दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए तथा भीड़ प्रबंधन पर लगातार नजर रखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मां चिंतपूर्णी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था हर मौसम में देखने को मिलती है। बारिश हो या धूप, माता के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों का उत्साह कभी कम नहीं होता।