कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली और लठियाणी का दौरा कर नशा निवारण रैली में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को लंच बॉक्स भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी देश और समाज का भविष्य हैं। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना परिवार, शिक्षकों और समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने, अनुशासन का पालन करने और शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक की धर्मपत्नी मृदु शर्मा, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल तथा इंस्पेक्टर रोहित चौधरी भी मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में विधायक ने बच्चों को घर का पौष्टिक भोजन खाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फास्ट फूड और बाहरी खानपान से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यदि बच्चे संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और खेलकूद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से अधिक मजबूत बनेंगे। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ को नशामुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है और इस दिशा में विद्यालयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों की जागरूकता से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।