चिंतपूर्णी क्षेत्र में शराब के नशे में हुड़दंग मचाना एक युवक को भारी पड़ गया। मोईन थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक युवक को अशांति फैलाने और हुड़दंग मचाने के आरोप में गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया। मोईन पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम ठाकुर शुक्रवार की रात शराब के नशे में हुड़दंग मचा रहा था और आसपास के लोगों को परेशान कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही थाना मोईन की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को काबू कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ 126 और 170 बीएनएस धारा के तहत मामला दर्ज किया है। अब आरोपी को आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद एसडीएम देहरा के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि बॉर्डर क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों और नशे से जुड़ी घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी है।