अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पीएनबी आरसेटी ऊना में अमर उजाला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी ने की। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आई महिला प्रशिशुओं ने अमर उजाला के मंच पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि अभी भी महिलाओं को सशक्त करने के लिए बहुत काम जरूरी है। भले ही सरकार ने महिलाओं का उत्थान करने के लिए कई कल्याणकारी योजना शुरू की हैं लेकिन समाज में अभी भी महिलाओं के प्रति जो लोगों का नजरिया है वह बदल नहीं पाया है । महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों से आगे हैं। कंधे से कंधा मिलाकर समाज में अपना बहुमूल्य योगदान दे रही हैं। लेकिन समाज में लोगों की संकीर्ण मानसिकता के चलते अभी भी महिलाएं उत्पीड़न शिकार होकर रह गई हैं। जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए स्वरोजगार के माध्यम से उत्थान किया जा रहा है । समाज सेवी एवं अधिवक्ता श्याम दुलारी ने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों को पहचाने और अपने साथ हो रहे उत्पीड़न को सहन न करके इसके खिलाफ आवाज उठाएं । पीएनबी आर सेटी के समन्वयक आकाश भारद्वाज ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए स्व रोजगार के अवसर प्रदान किया जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम से महिलाओं को अपने आवाज को रखने का मंच मिला है। यह कार्यक्रम बहुत ही सराहनीय है। सोमभद्र संस्था की जिला प्रधान मीना ठाकुर ने कहा कि अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम से महिलाओं ने अपने साथ हो रही विभिन्न प्रकार की कुरीतियों के बारे में आवाज बुलंद की है।