बुधवार सुबह से ही ऊना आईएसबीटी में यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा। हर प्लेटफार्म पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह छह बजे से ही टिकट काउंटरों के बाहर यात्रियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी जो दोपहर तक बढ़ती चली गई। त्यौहार के दौरान छुट्टी पर आए प्रवासी कामगारों, विद्यार्थी और सरकारी कर्मचारी अब दोबारा अपनी ड्यूटी और कॉलेजों में लौट रहे हैं। खासकर चंडीगढ़, बद्दी, सोलन, हमीरपुर, मंडी और दिल्ली जाने वाले रूटों पर यात्री संख्या में भारी इजाफा दर्ज किया गया।