चिंतपूर्णी/भरवाईं (ऊना)। धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी के नजदीकी क्षेत्र महंता के समीप शीतला मंदिर के बाजार रविवार रात करीब 11 बजे मनियारी की एक दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का पूरा सामान राख हो चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
दुकान मालिक महेंद्र कुमार ने बताया कि रात 9ः00 बजे दुकान बंद करके वह घर चले गए थे। करीब 11 बजे एक व्यक्ति ने उन्हें दुकान से धुआं उठने की सूचना दी। जब तक वे मौके पर पहुंचे तो आग विकराल रूप ले चुकी थी। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी को बुलाया गया। रात 11:30 बजे के करीब अग्निशमन वाहन पहुंचे, लेकिन तब तक जलकर सब कुछ राख हो चुका था।
उन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। दुकान में करीब 40 लाख रुपये का सामान, जिसमें चूड़ियां, जूते, चप्पल और अन्य मनियारी का सामान शामिल था, पूरी तरह जल गया। उन्होंने कहा कि आग इतनी भयानक थी कि दुकान का शटर खोलना भी मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन नुकसान को टाला नहीं जा सका।
दमकल चौकी चिंतपूर्ण के प्रभारी शंकर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग को फैलने से रोका। हालांकि दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। सुबह दोबारा दुकान से धुआं उठने की सूचना मिलने पर दमकल टीम ने स्थिति को सामान्य किया।
उधर, पुलिस चौकी डाडासीबा के प्रभारी रविदत्त ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल एकत्रित किए हैं। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। आरएफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।