हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कसौली में इस वीकेंड पर्यटकों की आवाजाही सामान्य दिनों के मुकाबले कुछ अधिक रही। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में देखने को मिली भारी भीड़ की तुलना में इस बार पर्यटकों की संख्या कम रही। इसके चलते शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव नियंत्रित रहा और सैलानियों ने मुख्य बाजार सहित पर्यटन स्थलों पर शांत माहौल में समय बिताया। कसौली के प्रमुख चौराहे गड़खल पंचराहा चौक पर सुबह से शाम तक वाहनों की आवाजाही जारी रही। इसके बावजूद वाहनों का दबाव इतना अधिक नहीं बढ़ा कि जाम की स्थिति पैदा होती। वीकेंड पर आमतौर पर इस चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, लेकिन इस बार यातायात सामान्य गति से चलता रहा। चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों ने वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखा। चालकों को सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने से भी रोका गया। संतुलित ट्रैफिक दबाव और पुलिस की निगरानी के चलते क्षेत्र में दिनभर यातायात सुचारू रहा। सड़कों पर जाम नहीं लगने से वीकेंड मनाने पहुंचे पर्यटकों को राहत मिली। सुगम यातायात के कारण सैलानी बिना अधिक परेशानी के कसौली के पर्यटन स्थलों और बाजार तक पहुंच सके। स्थानीय निवासियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भी आवाजाही में दिक्कत नहीं हुई। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, दिवाली का त्योहार नजदीक होने के कारण पिछले दिनों की तुलना में इस वीकेंड पर्यटकों की संख्या कुछ सीमित रही। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि दिवाली के आसपास और त्योहार के बाद कसौली में सैलानियों की आवाजाही फिर बढ़ सकती है।