ददाहू (सिरमौर) श्रावण सक्रांति के अवसर पर गुरुवार को पवित्र रेणुका झील की संध्या कालीन महाआरती की गई। इसमें रेणुका विकास बोर्ड के सीईओ भरत सिंह ठाकुर, रेणुका बांध परियोजना के एजीएम दिनेश शर्मा, एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अभिमन्यु, सदस्य इंद्र प्रकाश गोयल व रणदीप सिंह ने संत-महात्माओं सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ मिलकर रेणुका झील की महाआरती की। शंख, घंटियाल की मधुर ध्वनि के बीच की गई इस महाआरती के चलते रेणुकाजी तीर्थ का कण कण भक्ति मय हो उठा और झील के तट पर सैकड़ों शुद्ध घी के दीपक जगमगाकर अपनी अनूप छठा बिखेर रहे थे। भगवान परशुराम मंदिर के पुजारी देवा रमेश कपिल व पंडित रविदत्त शर्मा ने विधिवत व मंत्रोच्चारण के साथ महाआरती की रस्म को निभाया। इस मौके महात्मा दीनदयाल पुरी, पारस मुनि, चेतन मुनि, माता राम, तारा दत्त, राजेंद्र सिंह व विरेंद्र सिंह सहित सैकडों श्रद्धालु व संत महात्मा मौजूद रहे।