श्री रेणुकाजी बांध विस्थापित संघर्ष समिति ने विस्थापितों की मांगों को पूरा किए बिना रेणुका बांध का कार्य शुरू न होने दिए जाने की चेतावनी दी है। समिति के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को परियोजना के महाप्रबंधक से ददाहू में मिला और समिति की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। समिति के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने कहा कि बांध प्रबंधन पहले विस्थापितों की मांगों को पूरा करके उन्हें न्याय व समुचित लाभ प्रदान करें। उसके पश्चात ही निर्माण की ओर कदम बढ़ाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना निर्माण से पहले गृह विहीन (हाउसलेस) परिवारों की सूची जो लंबे समय से प्रबंधन कमेटी के विचाराधीन है जारी की जाए। साथ ही भूमिहीन (लैंडलैस ) परिवारों की प्रक्रिया अविलंब शुरु करके उन्हें पांच बीघा कृषि योग्य भूमि का तुरंत लाभ दिया जाए। समिति ने वर्ष 2008 में तैयार आरएडआर प्लान में दर्शाई गई सभी दरों को निरस्त करते हुए वर्तमान मूल्यों के अनुसार दर्ज करने और 250 वर्ग मीटर प्लाट की राशि को 1.50 लाख से बढ़ाकर वर्तमान दरों के अनुसार प्रदान करने की मांग की है।