सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आने वाले जिला परिषद के वार्ड नंबर सात भंगानी साहिब वार्ड का नाम बदलकर गोरखुवाला किए जाने के प्रस्ताव पर स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस संबंध में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को जिला मुख्यालय नाहन पहुंचा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज करवाया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों ने बताया कि पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया के तहत वार्डों के पुनर्गठन और नामकरण को लेकर प्रशासन की ओर से आपत्तियां दर्ज करवाने का समय निर्धारित किया गया था। इसी क्रम में जिला परिषद वार्ड भंगानी साहिब का नाम बदलकर गोरखूवाला प्रस्तावित किया गया है। इस पर क्षेत्रवासियों ने आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि भंगानी साहिब ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से जुड़ा नाम है। यह नाम 1996 से प्रचलित है और क्षेत्र की पहचान बन चुका है।