भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा हिमाचल प्रदेश में 35 हजार नये कार्यकर्ता जोड़ेगा। इसके लिए मोर्चा ने प्रदेश स्तर पर अपना कार्य शुरू कर दिया है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने यह बात सोमवार को नाहन में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से प्रत्येक बूथ पर पांच नये कार्यकर्ता बनाने की जिम्मेवारी मोर्चा को मिली है। प्रदेश के आठ हजार बूथों में से सात हजार पर एससी की आबादी है। ऐसे में मोर्चा ने निर्णय लिया है कि सात हजार बूथों में प्रत्येक बूथ पर पांच नये कार्यकर्ता जोडे़ जाएंगे। यह कार्यकर्ता 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। पार्टी की ओर से अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दायित्व मिलने के बाद उन्होंने चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर और मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रवास किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठन मजबूती और नये कार्यकर्ता जोड़ने के विषय में रणनीति तैयार की। इसी कड़ी में सोमवार को नाहन में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें भी नये कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर मंथन किया गया। मनीष चौहान ने कहा कि जब से प्रदेश में सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने हैं तब से प्रदेश में दलित लोगों पर अत्याचार बढ़े हैं। प्रदेश सरकार इन पर कार्रवाई करने में विफल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रेम कुमार धूमल और वीरभद्र सिंह सरकार के कार्यकाल में हमेशा अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए कार्य और योजनाएं बनी हैं। इस अवसर पर प्रदेश एसी मोर्चा के अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी नंदराम कश्यप, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीपक तोमर, प्रदेश प्रवक्ता जगत सिंह, सुनील, श्रवण, संजय पुंडीर आदि मौजूद रहे।