त्रिलोकपुर स्थित प्रसिद्ध महामाया श्री बालासुंदरी मंदिर परिसर में अब श्रद्धालुओं को आस्था के साथ मनोरंजन का भी अनुभव मिलेगा। यहां मंदिर परिसर के शिव मंदिर तालाब में नौका विहार सुविधा शुरू कर दी गई है, जबकि तालाब, कैफेटेरिया और पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। शनिवार को स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने इन विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ करते हुए कुल 1.60 करोड़ रुपये की योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी अब नई दिशा मिलेगी। महामाया श्री बालासुंदरी मंदिर पहुंचने पर विधायक अजय सोलंकी का मंदिर न्यास समिति और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। उन्होंने श्री बालासुंदरी के दर्शन किए और शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत विधायक ने नौका विहार का शुभारंभ करने के साथ करीब 30 लाख रुपये की लागत से शिव मंदिर तालाब, कैफेटेरिया और पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर तालाब में बत्तखें और मछलियां भी छोड़ी गईं, जिससे परिसर की सुंदरता और आकर्षण और बढ़ गया।