जनगणना की तैयारियों के तहत जिला मुख्यालय नाहन में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। दो चरणों में आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 77 कर्मचारियों को डिजिटल जनगणना, मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संग्रहण और स्वगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को जनगणना कार्य से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया, ताकि आगामी जनगणना अभियान को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके। फील्ड ट्रेनर बाबूराम ठाकुर ने जनगणना कई दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। इसके आंकड़ों के आधार पर ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और नीतियों का निर्धारण किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार ने नागरिकों को स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प भी उपलब्ध कराया है, जिसके तहत लोग स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन माध्यम से दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि जनगणना के कार्य का पहला चरण 16 जून से 15 जुलाई तक चलेगा। इसमें मकानों की संख्या निर्धारण और मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में जनसंख्या से संबंधित सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय (डेमोग्राफिक) आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। इस अवसर पर नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार भी मौजूद रहे।