फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmuar: शंभूवाला में नकाबपोश चोरों का आतंक, दो दुकानों के ताले तोड़ 2.50 लाख का सामान उड़ाया

उपमंडल नाहन के शंभूवाला में देर रात नकाबपोश चोरों ने दुकानों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी। दो शातिरों ने कपड़ों और हलवाई की दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली। वहीं, तीसरी दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास भी किया गया, लेकिन सेंट्रल लॉक होने के कारण चोर अंदर प्रवेश नहीं कर पाए। वारदात में करीब 2.50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदार करण ने बताया कि उन्होंने चार जुलाई को ही शंभूवाला में कपड़ों की नई दुकान शुरू की थी। करीब एक महीने के भीतर ही चोरों ने दुकान को निशाना बना लिया। रात के समय दो नकाबपोश युवक दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दो लैपटॉप, करीब 75 हजार रुपये कीमत का स्पीकर, गल्ले में किराये के लिए रखे करीब नौ हजार रुपये, मंदिर में रखे 200 रुपये और महिलाओं व पुरुषों के महंगे कपड़े चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने साथ लगती रोहित प्रजापति की हलवाई की दुकान के ताले तोड़े और गल्ले में रखे करीब पांच हजार रुपये लेकर फरार हो गए। चोरों ने पास की परचून की दुकान को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन शटर पर लगे सेंट्रल लॉक के कारण सफल नहीं हो पाए। घटना के बाद व्यापारियों में डर का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि शंभूवाला के एक दुकानदार की शिकायत पर थाना नाहन में चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें