गुरु की नगरी पांवटा साहिब में 442वां होला-मोहल्ला यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन की अगुवाई में गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब से पंज प्यारों की अगुवाई में निकाला। नगर कीर्तन में विभिन्न राज्यों की संगतों ने भाग लिया। नगर कीर्तन के दौरान गतका दल ने प्राचीन रण कौशल दिखाया। रंगीन पोशाकों से सजी बैंड टीमें, गतका दल और पंज प्यारे मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। प्रबंधन कमेटी गुरुद्वारा पांवटा साहिब के उपप्रधान हरभजन सिंह, महासचिव हरप्रीत सिंह, प्रबंधक जगीर सिंह,, उप प्रबंधक गुरमीत सिंह व पूर्व प्रबंधक कुलवंत सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन में देश के विभिन्न प्रांतों से संगतें शामिल हुईं। बाहरी राज्यों व स्थानीय संगतों ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी का गुणगान किया। साध संगतों ने नगर कीर्तन में आगे चलते हुए सिखों के गुरुओं का गुणगान किया। गुरुजी की पालकी आकर्षक रूप से सजाई गई थी। पंज प्यारों की अगुवाई में निकल रहे नगर कीर्तन के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु और महिलाएं आगे का मार्ग को साफ करते हुए चल रहे थे।