पांवटा साहिब(सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा व मूलभूत सुविधाएं देने के बड़े-बड़े दावे करती रही है। लेकिन ग्राउंड रिपोर्ट में कुछ और ही दृश्य नजर आ रहे हैं। पांवटा साहिब विधानसभा की भुंगरनी प्राथमिक पाठशाला पिछले 14 वर्षों से स्कूल एक सोसायटी के माध्यम से मिले छोटे से कमरे में चल रहा है। इसी में मध्यांन भोजन कीचन, स्टोर रूम, स्टॉफ रूम के साथ सभी पांच कक्षाएं संचालित होती हैं। आलम ये है कि स्कूली बच्चे अगर अपने स्कूल बैग भीतर ले जाते है तो फिर खुद के बैठने के लिए जगह ही नही बचती है। एसएमसी कमेटी के प्रधान जसपाल सिंह ने बताया कि अपना भवन नही होने से काफी दिक्कतें आ रही हैं। भुंगरनी स्कूल के प्रभारी बलबीर सिंह चौहान ने बताया कि स्कूल के पास ना तो अपनी जमीन है, ना ही अपना भवन है। एसएमसी के माध्यम से कई बार मुद्दा उठाया गया है। पांवटा साहिब शिक्षा खंड कार्यालय व उप कक्षा निदेशक को दिक्कतों के बारे में रिपोर्ट भेज कर अवगत करवाया गया है।