नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित किए जा रहे स्टेपको सिरमौर उत्सव में इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बॉलीवुड की चमक भी देखने को मिलेगी। 12 से 18 सितंबर तक चलने वाले इस उत्सव के दौरान 15 से 18 सितंबर तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्सव के अंतिम दिन 18 सितंबर को भव्य स्टार नाइट का आयोजन होगा, जिसमें बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक कमाल खान अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। स्टेपको के पदाधिकारी वसीम खान ने नाहन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्सव में जिले की युवा प्रतिभाओं को भी अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से डांस, गायन और मॉडलिंग के क्षेत्र में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर से सांस्कृतिक गतिविधियों की शुरुआत होगी। पहले दिन डांस प्रतियोगिता के साथ बेबी शो आयोजित किया जाएगा। 16 सितंबर को गायन और मॉडलिंग प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद 17 सितंबर को मॉडलिंग प्रतियोगिता का दूसरा राउंड और ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा। उत्सव के समापन दिवस 18 सितंबर को खेल प्रेमियों के लिए पावर लिफ्टिंग और बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। खेल प्रतियोगिताओं के बाद शाम को स्टार नाइट का आयोजन होगा। इसमें कमाल खान के साथ मुसाफिर मनीष और अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वसीम खान ने बताया कि 18 सितंबर को शाम छह बजे नाहन के विधायक अजय सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। उत्सव के दौरान चौगान मैदान में विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजाई गई हैं। यहां खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बनी हुई है। मेले में मनोरंजन के साथ-साथ लोगों को खानपान और खरीदारी का भी अवसर मिल रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान अनीश सैनी, फर्जाना सैय्यद, काजल बादल समेत अन्य कलाकार और आयोजक मौजूद रहे।