हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। देहरादून में आयोजित 38वीं राष्ट्रीय खेलों में रविवार को कबड्डी में राष्ट्रीय चैंपियन का तीसरी बार खिताब हासिल कर बेटियों ने इतिहास रच दिया है। फाइनल मुकाबले में हिमाचल की टीम ने हरियाणा को पटकनी देकर गोल्ड मेडल हासिल किया है। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में हिमाचल की टीम ने हरियाणा को 27-22 से पराजित किया। कप्तान पुष्पा राणा और उनकी साथी खिलाड़ियों ने शुरू से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी। हालांकि, हरियाणा की टीम ने भी मैच के दौरान कड़ी टक्कर दी। बता दें कि 2023 में भी हिमाचल ने हरियाणा को फाइनल में 32-23 से हराया था। इस अवसर पर कबड्डी संघ के राज्य अध्यक्ष राजकुमार, कोच गोपाल दास्टा और संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप राणा मौजूद रहे। उन्होंने विजेता टीम को बधाई दी। कुलदीप राणा ने बताया कि बेटियों के इस प्रदर्शन से समूचे प्रदेश समेत जिला सिरमौर का नाम ऊंचा हुआ है। कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा, भावना, ज्योति समेत अन्य खिलाडिय़ों ने पूरी प्रतियोगिता में जबरदस्त प्रदर्शन किया। जीत के बाद पूरी टीम ने हिमाचली नाटी पर डांस किया।