चिट्टे जैसे घातक नशे के खिलाफ महिलाएं लामबंद हो गई हैं। रामपुर में पैर पसार चुके चिट्टे के खात्मे के लिए गुरुवार को महिलाओं ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच पर जागरूकता रैली निकाली। नगर परिषद रामपुर की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रैली का आयोजन किया गया। महिलाओं ने नगर परिषद परिसर से लेकर बाजार में रैली निकाली और राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच से होकर वापस नगर परिषद पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं ने हम सब का एक है एक नारा, नशामुक्त हो देश हमारा... सहित अन्य नारे लगाए। रैली के माध्यम से महिलाओं ने लोगों को नशामुक्त देश निर्माण के लिए सहयोग अपील की और जागरूक किया। महिलाओं ने कहा कि नशे से न केवल व्यक्ति का नुकसान होता है, बल्कि पूरे परिवार को नुकसान झेलना पड़ता है। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि नशे से दूर रहें और खुशहाल जिंदगी जिएं।