मानवीय संगठन डूअर्स की ओर से संचालित स्टेप 4 स्कूल पहल के अंतर्गत छात्र और छात्राओं को प्राकृतिक आपदा से बचाव को लेकर प्रशिक्षित करने का बीड़ा उठाया गया है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों को बाढ़, भूकंप, आगजनी से निपटने की बारीकियां सिखाई जा रही हैं और प्राथमिक उपचार के टिप्स भी दिए जा रहे हैं। सराहन शिक्षा खंड के विद्यालयों में आपदा तैयारी और प्राथमिक उपचार पर आधारित कार्यशालाओं का समापन शनिवार को हुआ। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बधाल, राजकीय माध्यमिक पाठशाला शाह और राजकीय उच्च विद्यालय मझेवली में कार्यशाला का आयोजन किया गया। करीब 141 विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा के समय नुकसान से बचाव और घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के बारे प्रशिक्षण दिया गया। कहा कि कार्यशालाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में सुरक्षित प्रतिक्रिया देने, जोखिम कम करने और घायल व्यक्ति को बुनियादी प्राथमिक उपचार प्रदान करने के व्यावहारिक कौशल सिखाए गए। प्रशिक्षण पूरी तरह सहभागितापूर्ण और व्यावहारिक गतिविधियों पर आधारित रहा, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों में आपदा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ा।