फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahr: श्रम कानून लागू न करने के विरोध में मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा

बिथल स्थित अडानी एग्री फ्रेश वर्कर यूनियन ने सीए स्टोर के बाहर अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। श्रम कानून लागू न करने को लेकर मजदूरों ने सीटू के बैनर तले प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला और जोरदार प्रदर्शन किया। सीटू नेताओं ने चेताया कि यदि समय रहते श्रम कानूनों को लागू नहीं किया जाता तो यूनियन श्रम विभाग और प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेगी। अडानी एग्री फ्रेश वर्कर यूनियन संबंधित सीटू के बैनर तले मजदूरों ने वीरवार को बिथल में अडानी सीए स्टोर के बाहर अडानी प्रबंधन की ओर से श्रम कानूनों को लागू न करने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू शिमला जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, यूनियन के अध्यक्ष सुनील जिष्टू और महासचिव सुनील ने कहा कि मजदूरों की मांगों को लेकर प्रबंधन को एक माह पूर्व मांग पत्र दिया गया था। इसमें श्रम कानूनों को लागू करने की मांग की गई थी, परंतु बड़े दुख की बात यह है कि प्रबंधन की ओर से मजदूरों की मांगों को अनसुना किया जा रहा है। मजदूर यह मांग कर रहा है कि श्रम कानून के अनुसार मजदूरों को पूरे माह का वेतन दिया जाए। यदि सुरक्षा के कर्मियों की पूरे माह के वेतन की गणना की जाए तो न्यूनतम वेतन भी नहीं दिया जा रहा। मजदूरों से 12 घंटे ड्यूटी  ली जा रही है, परंतु वेतन 8 घंटे का दिया जा रहा है। कानून के अनुसार 8 घंटे के बाद ओवरटाइम का जो दोगुना वेतन मिलना चाहिए, नहीं दिया जा रहा है। मजदूरों को कानून के अनुसार जो छुट्टियां मिलनी चाहिए, वो भी नहीं दी जा रही हैं। श्रम कानूनों की खुली अवहेलना की जा रही है। हिमाचल प्रदेश में सेवानिवृत्ति की आयु 58 वर्ष है,  लेकिन अडानी सीए स्टोर में सुरक्षा कर्मी को  45 वर्ष पर जबरदस्ती रिटायर किया जा रहा है। मजदूरों को तबादलों की धमकियां दी जा रही हैं, परंतु श्रम विभाग रामपुर मूकदर्शक बना हुआ है। यूनियन ने प्रदर्शन के माध्यम से मांग की है 8 घंटे से करवाए जा रहे कार्य का कानून अनुसार दोगुना दिया जाए, सभी प्रकार की कानूनी छुट्टियां दी जाए और मजदूरों को 58 साल की सेवा के बाद रिटायर किया जाए। यूनियन के नेताओं ने चेताया है कि यदि प्रबंधन की ओर से श्रम कानूनों को लागू नहीं किया गया तो आने वाले समय में श्रम विभाग और अडानी प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा और अडानी सीए स्टोर के काम को बंद किया जाएगा। इस मौके पर कपिल, भजन, जसबीर, चंदन, राकेश, मनोज सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें