फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ज्यूरी: रघुनाथ की रथ यात्रा के साथ शुरू हुआ जिला स्तरीय सराहन दशहरा मेला

सराहन में जिला स्तरीय चार दिवसीय दशहरा मेले का आगाज मंगलवार को भगवान रघुनाथ की भव्य रथ यात्रा के साथ हुआ। रथ यात्रा में रामपुर, कुल्लू और किन्नौर क्षेत्र के 20 देवी-देवताओं के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह भी रथ यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, जय सिया राम के जयघोष और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा निकाली गई। सुबह 11:00 बजे से दूर-दराज के क्षेत्रों से देवी-देवताओं के आगमन का सिलसिला शुरू हो गया था। सभी देवी-देवता माता भीमाकाली मंदिर परिसर में पहुंचे, जहां मंदिर न्यास की ओर से पुजारी श्याम सुंदर शर्मा और उनकी टीम ने विधि-विधान के साथ उनका स्वागत किया। देवी-देवताओं के आगमन से मंदिर परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। शाम करीब 4:30 बजे भगवान रघुनाथ को मंदिर से पालकी में विराजमान कर जय सिया राम के जयघोष के साथ रथ तक पहुंचाया गया। इसके बाद भगवान रघुनाथ को विधिवत रथ पर विराजमान किया गया और आरती की गई। आरती के बाद जय सिया राम और रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम के जयघोष के बीच रथ यात्रा आगे बढ़ी। यात्रा राजदरबार के सामने स्थित मंचखंडी पहुंची, जहां भगवान रघुनाथ को विराजमान किया गया। इसी स्थान पर आगामी तीन दिनों तक मेला आयोजित किया जाएगा। रथ यात्रा और मेले के आयोजन की व्यवस्थाओं की निगरानी एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह करते रहे। भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएचओ झाकड़ी सुनील दत्त नेगी पुलिस बल के साथ तैनात रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें