जिला कांग्रेस कमेटी मंडी की शनिवार को गांधी भवन में जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर मंडी शहर में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा में राष्ट्रीय गान के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए इस मामले में कड़ा विरोध जताया। धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने हमेशा राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय गान और वंदे मातरम का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को लेकर भाजपा के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया। जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अपने राष्ट्रीय नेतृत्व मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार तथा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में भाजपा की कथित राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का जोरदार विरोध करती रहेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संघर्ष में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता चट्टान की तरह उनके साथ खड़ा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार को महंगाई, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, चंदा चोरी, वोट चोरी और नोटबंदी जैसे मुद्दों पर भी घेरा। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम नागरिकों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रवक्ता व सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।