लगभग अढ़ाई दशकों से स्वास्थ्य विभाग में अनुबंध आधार पर सेवाएं दे रहे एनएमएम कर्मियों ने प्रदेश सरकार से स्थायी पॉलिसी बनाने की मांग उठाई है। इन कर्मचारियों ने चेताया है कि यदि सरकार जल्द इनके लिए पॉलिसी नहीं बनाती है तो मजबूरन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ेगा। यह मांग इन्होंने मंडी में आयोजित 8वें राज्य स्तरीय सम्मेलन के दौरान उठाई। सम्मेलन की अध्यक्षता एनजीओ फेडरेशन के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने की। एनएचएम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अमीन चंद शर्मा ने कहा कि आज दिन तक सरकारों ने इनके लिए कई घोषणाएं कीं, लेकिन धरातल पर उन घोषणाओं को उतारना किसी भी सरकार ने मुनासिब नहीं समझा। सरकारों के इस रवैये से एनएचएम के सभी कर्मचारियों में रोष है। वहीं, महासचिव नवनीत गुलेरिया ने कहा कि इस साल उनके कई साथियों का सेवाकाल समाप्त होने जा रहा है। उनके यह साथी खाली हाथ ही घर न लौटें, इसके लिए एनजीओ फेडरेशन के माध्यम से सरकार से ग्रेच्युटी की मांग भी की गई है।