लडभड़ोल तहसील के मुख्य बाजार में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा भड़ोल के एटीएम में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। गुरुवार देर शाम हुई इस घटना में एक अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम केबिन के मुख्य दरवाजे का शीशा तोड़ दिया। इस घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने तुरंत हरकत में आते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पंजाब नेशनल बैंक शाखा भड़ोल की सहायक प्रबंधक स्नेह लता ने बताया कि घटना गुरुवार शाम की है। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम के पास पहुंचा और उसने एटीएम के साथ लगे दरवाजे के शीशा तोड़ दिया। यह पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी को साफ तौर पर शीशा तोड़ते हुए देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही लडभड़ोल पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सहायक प्रबंधक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा हैं। बाजार के बीचोंबीच स्थित बैंक के एटीएम के केबिन में इस तोड़फोड़ की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।