मंडी जिला के बड़ा देव कमरुनाग के ज्येष्ठ पुत्र देव बालाटिका शिल्ही लटोगली की नवनिर्मित कोठी (भंडार) की प्राण प्रतिष्ठा सोमवार को विधिवत शुरू हो गई है। 12 हारी के देव शिल्ही लटोगली सोमवार सुबह शुभ मुहूर्त में अपनी नई कोठी पहुंचे और गर्भ गृह में विराजमान हुए। देवता की कोठी की प्रतिष्ठा के शुभारंभ अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं और देव समाज से जुड़े लोगों ने देवता का कोठी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। देवता की करीब 500 साल बात नई कोठी का देवता कमेटी ने जनसहयोग से निर्माण किया है। लाखों की लागत से देवता के नए भंडार का निर्माण होने से देवता के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। देव शिल्ही लटोगली की 12 हारे हैं जो बल्ह क्षेत्र के गलमा गांव तक मिलती हैं। देवता के गूर दौलत राम ने बताया कि आगामी 27 नवंबर को देव शिल्ही लटोगली का भंडारा है। इसमें हजारों की संख्या में लोग शिरकत करेंगे। मान्यता है कि कोठी की प्रतिष्ठा के बाद देवता बारिश बरसाएंगे। इस मौके पर स्थानीय महिलाओं ने देव भजनों से माहौल भक्तिमय बनाया।