संतुलित आहार, स्वस्थ परिवार के संदेश के साथ आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का उपमंडल स्तरीय समापन समारोह बुधवार को लघु सचिवालय पधर में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर ने की। बाल विकास परियोजना अधिकारी कुंदन हाजरी ने बताया कि पोषण माह का उद्देश्य परिवारों में संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता बढ़ाना है। एसएचओ सौरभ ठाकुर ने बाल विवाह निषेध व अन्य कानून की जानकारी दी। जबकि उर्मिला चंदेल ने गर्भवती महिलाओं में एनीमिया रोकथाम और संतुलित आहार के लाभ बताए। कार्यक्रम में अन्नप्राशन संस्कार और गोदभराई रस्म भी संपन्न करवाई गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वागत गीत, पोषण पर समूह गान और चौहर घाटी की नाटी प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया। समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1100 की प्रोत्साहन राशि भेंट की गई। इस अवसर पर पंचायत समिति अध्यक्षा शीला ठाकुर, उपाध्यक्ष कृष्ण भोज, जिला परिषद सदस्य शारदा ठाकुर व अन्य मौजूद रहे।