निचली अंसवाई क्षेत्र में करीब डेढ़ साल से बंद बस सेवा को बहाल करवाने की मांग अब आंदोलन की ओर बढ़ती नजर आ रही है। हिमाचल किसान सभा ने बस सेवा बहाल करने के लिए प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ धरना देने की चेतावनी दी गई है। हिमाचल किसान सभा धर्मपुर के संयोजक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल को मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने निचली अंसवाई तक बंद पड़ी बस सेवा को जल्द बहाल करवाने की मांग उठाई। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बस सेवा बहाल करवाने के लिए ग्रामीण अब तक पांच-छह बार प्रशासन से मिल चुके हैं। हर बार अधिकारियों की ओर से मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन इसके बावजूद अभी तक स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। किसान सभा के अनुसार निचली अंसवाई के बस स्टैंड पर निर्माण और पौधरोपण के कारण बस को मोड़ने में परेशानी आ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर इस समस्या का समाधान किया जाए, ताकि बस सेवा को दोबारा शुरू किया जा सके। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। बुजुर्गों के लिए समस्या और गंभीर हो गई है, क्योंकि उन्हें जरूरी काम के लिए भी आने-जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। किसान सभा ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बस सेवा बहाल करने को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने बस सेवा के अलावा क्षेत्र की अन्य सड़क समस्याओं को भी प्रशासन के समक्ष उठाया। इसमें सज्याओपीपलू-अंसवाई वाया चस्वाल सड़क की रुकावट हटाने, अंसवाई-कपाही-सरी सड़क को चालू करने और अंसवाई से निचली गरली तक लिंक रोड बनाने की मांग शामिल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की सड़क और परिवहन व्यवस्था बेहतर होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब सभी की नजर प्रशासन की ओर है कि एक सप्ताह के भीतर बस सेवा बहाल करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।