नगर निगम मंडी के नए कार्यकाल की पहली बैठक बुधवार को हंगामे के बीच शुरू हुई। मेयर सुमन ठाकुर के स्वागत भाषण के दौरान भाजपा पार्षद गगन कश्यप ने बैठक की सूचना समय पर नहीं दिए जाने का मुद्दा उठाते हुए नगर निगम अधिनियम (एमसी एक्ट) के नियमों का हवाला दिया। गगन कश्यप ने कहा कि एमसी एक्ट के अनुसार किसी भी बैठक की सूचना सभी पार्षदों को कम से कम पांच दिन पहले दी जानी चाहिए। उनका आरोप था कि कई पार्षदों को बैठक की सूचना बुधवार को ही मिली, जिससे बैठक की प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने भविष्य में नियमों के अनुसार समय पर सूचना जारी करने की मांग की। इस पर नगर निगम आयुक्त डॉ. मदन कुमार ने स्वीकार किया कि नए कार्यकाल की पहली बैठक होने के कारण कुछ प्रक्रियागत त्रुटियां रह गई होंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे से सभी बैठकों की सूचना नियमानुसार समय पर दी जाएगी और ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बनने दी जाएगी। बैठक शुरू होने से पहले मेयर सुमन ठाकुर ने सभी पार्षदों का गुलाब का फूल भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद नगर निगम से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और विकास कार्यों पर चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि नगर निगम मंडी में भाजपा समर्थित बोर्ड का गठन हुआ है। निगम में भाजपा के 12 पार्षद, एक निर्दलीय और एक कांग्रेस समर्थित पार्षद शामिल हैं। नए कार्यकाल की पहली बैठक में ही प्रक्रिया को लेकर उठे सवाल पूरे दिन चर्चा का विषय बने रहे।