जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए एक दर्जन से अधिक नेताओं ने अपनी दावेदारी जताई है। खास बात यह है कि इसमें दो महिलाओं के नाम भी शामिल हैं। यह जानकारी कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के जिला पर्यवेक्षक एवं झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि सभी दावेदारों के नामों की सूची पूरी प्रोफाइल के साथ पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी और वहां से जिस नाम पर अंतिम मुहर लगेगी उसे ही संगठन की बागडोर सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया कि जनवरी महीने के पहले सप्ताह में मंडी जिला कांग्रेस कमेटी को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। राजेश ठाकुर ने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए इतने अधिक लोगों के नाम सामने आने संगठन की मजबूती और सक्रियता को दर्शाता है। यहां लोग कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से जुड़े हैं और संगठन के नेतृत्व को संभालने के लिए उत्साहित हैं। राजेश ठाकुर ने 11 दिसंबर को प्रदेश सरकार द्वारा मंडी में किए जा रहे जन संकल्प कार्यक्रम को लेकर भाजपा की तरफ से फैलाई जा रही अफवाहों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के पास प्रदेश सरकार के खिलाफ कोई भी मुद्दा नहीं है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को सीमित संसाधनों में सबकुछ देने का प्रयास किया है। केंद्र सरकार के सहयोग के बीना प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावितों से लेकर आमजन तक की सुविधाओं का ध्यान रखा है। इन्हीं बातों से परेशान होकर भाजपा द्वारा जनता के बीच भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।